बाल विवाह के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र दिवस का स्वागत

सिमडेगा: बाल विवाह के खिलाफ सिमडेगा जिले में अभियान चला रहे छोटानागपुर कल्याण निकेतन ने संयुक्त राष्ट्र द्वारा 27 नवंबर को बाल विवाह समाप्त करने के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किए जाने का स्वागत किया है। संगठन ने इसे बाल विवाह के खिलाफ भारत में चल रहे प्रयासों की वैश्विक पहचान बताया।

छोटानागपुर कल्याण निकेतन की निदेशक प्रियंका सिन्हा ने कहा कि भारत से उठी आवाज अब पूरी दुनिया का संकल्प बन गई है। उन्होंने कहा, “यह गर्व का विषय है, लेकिन अब हमारी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हर बच्चे को बाल विवाह से मुक्त बचपन मिले।”

उन्होंने बताया कि सिमडेगा जिले में सरकार और प्रशासन के सहयोग से कानूनी हस्तक्षेप के माध्यम से 551 बाल विवाह रुकवाए गए हैं। इसके साथ ही स्कूलों, पंचायतों और गांवों में जागरूकता अभियान चलाने, कमजोर परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने का काम किया जा रहा है।

छोटानागपुर कल्याण निकेतन, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन का सहयोगी संगठन है। जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोगी संगठनों ने देशभर में सरकार और प्रशासन के सहयोग से 5.5 लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाने में योगदान दिया है।

संयुक्त राष्ट्र द्वारा 27 नवंबर को बाल विवाह के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किया जाना इस अभियान को वैश्विक स्तर पर नई मजबूती देगा।