सशक्त पंचायत सुरक्षित नारी अभियान के तहत ठेठईटांगर के 14 गांवों में जेंडर आधारित हिंसा और डायन कुप्रथा रोकथाम के लिए CKN का जागरूकता अभियान शुरू

छोटानागपुर कल्याण निकेतन ने सशक्त पंचायत सुरक्षित नारी अभियान के तहत आज ठेठईटांगर प्रखण्ड की कोंमेंजरा, मरोमड़ेगा और टुकुपानी पंचायतों के कुल 14 गांवों में जागरूकता रथ के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत की। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जेंडर आधारित हिंसा की रोकथाम, डायन कुप्रथा का उन्मूलन, महिला जन प्रतिनिधियों की नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करना और घरेलू हिंसा के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव को समझाना है।

जागरूकता रथ को कोंमेंजरा पंचायत से रवाना किया गया, जहां पंचायत मुखिया सुषमा बिलुंग ने हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत की। रथ के साथ चल रही नुक्कड़ नाटक टीम गांव गांव में संवाद आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में व्याप्त अंधविश्वास, हिंसा और लैंगिक असमानता पर प्रभावी संदेश दे रही है।

कार्यक्रम में संस्था की सचिव प्रियंका सिन्हा, प्रोजेक्ट मैनेजर शकुंतला सिंह, मुन्नी कुमारी, राखी देवी, कर्मा नुक्कड़ नाटक टीम और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे। समुदाय की सक्रिय भागीदारी इस अभियान की ताकत बनी हुई है।

छोटानागपुर कल्याण निकेतन सिमडेगा जिले में लंबे समय से महिला और बाल सुरक्षा पर केंद्रित कार्य कर रहा है। संस्था अब तक 86 से अधिक बाल यौन शोषण मामलों में पीड़ित बच्चों को न्याय दिलाने में सहयोग कर चुकी है। बाल विवाह, चाइल्ड लेबर और मानव तस्करी रोकथाम के क्षेत्र में भी संस्था की पहलकदमियां सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित, न्यायपूर्ण और भयमुक्त वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है जो समुदाय को जागरूक और सक्षम बनाने पर केंद्रित है।

cknstreetplay (2)
cknstreetplay (1)
cknstreetplay (3)