सिमडेगा: इस दीपावली को खुशियों और सामाजिक बदलाव का प्रतीक बनाते हुए संस्था छोटानागपुर कल्याण निकेतन (CKN) एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के संयुक्त तत्वावधान में ठेठईटांगर प्रखंड अंतर्गत तुकुपानी पंचायत के खेल मैदान में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था के वालंटियर्स एवं कार्यकर्ताओं ने 450 दीपों से आकर्षक मोज़ेक तैयार कर बाल विवाह मुक्त सिमडेगा का संदेश दिया और दीप प्रज्वलित कर बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान आगामी 100 दिनों में सिमडेगा को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्ययोजना एवं रणनीति तैयार की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक गांव और घर तक बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता पहुंचाना है।
इस अवसर पर संस्था की सचिव प्रियंका सिन्हा ने कहा, “एक दिया बाल विवाह के खिलाफ”। उन्होंने कहा कि दीपावली पर जलने वाला प्रत्येक दीपक किसी बच्चे के जीवन से बाल विवाह का अंधकार मिटाकर खुशियों और उज्ज्वल भविष्य का प्रकाश फैला सकता है। 450 दीपों से तैयार इस मोज़ेक के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि हर घर में बाल विवाह के खिलाफ एक दीपक अवश्य जलना चाहिए और प्रत्येक व्यक्ति को इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने की जिम्मेदारी उठानी चाहिए।
उन्होंने सभी समुदाय के लोगों, युवाओं, महिलाओं एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे एकजुट होकर बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाएं और बच्चों को सुरक्षित, शिक्षित एवं खुशहाल बचपन देने में अपनी भूमिका निभाएं।


