“सीकेएन का संकल्प — कोई परिवार न रहे योजनाओं से वंचित”
सिमडेगा। छोटानागपुर कल्याण निकेतन (CKN) द्वारा सिमडेगा जिले के बोलबा और आकांक्षी ब्लॉक बांसजोर प्रखंडों में डोर-टू-डोर “योजना से जुड़ाव अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य ऐसे वंचित परिवारों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न लाभकारी योजनाओं से जोड़ना है, जो अब तक इनसे वंचित रहे हैं।
संस्था के पंचायत, ग्राम और जिला स्तर के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान कार्ड, ई-श्रम कार्ड बनवाने तथा राशन कार्ड में जोड़ने जैसी सेवाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध करा रहे हैं।
अब तक इस अभियान के अंतर्गत 227 से अधिक वंचित परिवारों को योजनाओं से जोड़ा गया है और दर्जनों पेंशन आवेदन भी संकलित किए गए हैं। इस अभियान को सफल बनाने में संस्था के समर्पित कार्यकर्ता रोहित कुमार, मीणा कुमारी, मरियानुस और गौरव प्रधान की अहम भूमिका रही है, जिन्होंने लगातार गांव-गांव जाकर परिवारों को योजनाओं की जानकारी दी और उनके आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराई। संस्था की सचिव प्रियंका सिन्हा ने बताया कि “हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी वंचित परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। बदलाव धीमी प्रक्रिया है, लेकिन लगातार प्रयासों से हम एक दिन जिले के हर जरूरतमंद परिवार तक पहुंचेंगे।”
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहले उन्हें लाभकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए दूर-दराज के स्थानों पर भाड़ा खर्च करके जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। संस्था के प्रयासों से अब लाभकारी योजनाओं की सुविधाएं सीधे उनके घर तक पहुंच रही हैं।
छोटानागपुर कल्याण निकेतन ने सभी हितधारकों और समाजसेवियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है और जिले के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रतिबद्धता जताई है।
