छोटानागपुर कल्याण निकेतन का संकल्प, एक वर्ष में बनाएंगे बाल विवाह मुक्त सिमडेगा
भारत सरकार के 100 दिवसीय गहन अभियान के तहत सिमडेगा में बाल विवाह के खिलाफ विशेष पहल की शुरुआत CDPO शिला कुमारी, DCPU सुमित्रा बराइक, AHTU थाना प्रभारी सिमडेगा, महिला थाना प्रभारी, SI महिला थाना और अन्य संबंधित अधिकारियों ने संयुक्त रूप से की. इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के स्टेकहोल्डर और आंगनबाड़ी सेविकाएं भी बड़ी संख्या में शामिल थीं.
इस पहल से प्रेरित होकर छोटानागपुर कल्याण निकेतन ने घोषणा की है कि वह सरकारी एजेंसियों और समुदायों के सहयोग से अगले एक वर्ष में सिमडेगा को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के लिए काम करेगा. अभियान की वर्षगांठ पर संगठन ने स्कूलों, पंचायतों और समुदायों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम और शपथ समारोह आयोजित किए.
छोटानागपुर कल्याण निकेतन, देश के प्रमुख बाल अधिकार नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन का सहयोगी संगठन है, जिसने बीते वर्ष एक लाख से अधिक बाल विवाह रोकने में अहम भूमिका निभाई है.
निदेशक प्रियंका सिन्हा ने कहा कि यह सामूहिक प्रयास जिले में बड़ा सामाजिक परिवर्तन लाएगा और बेटियों की सुरक्षा और अधिकारों को मजबूत करेगा.
अभियान को तीन चरणों में लागू किया जा रहा है जिसमें शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता, धार्मिक स्थलों और विवाह सेवा प्रदाताओं से संवाद, और पंचायत तथा समुदाय आधारित भागीदारी को मजबूत करना शामिल है. अभियान का समापन 8 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर होगा.
