सिमडेगा में 16 दिवसीय अभियान के तहत जेंडर आधारित हिंसा के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम जारी

छोटानागपुर कल्याण निकेतन द्वारा 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक 16 दिवसीय पखवाड़ा के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थानों पर जेंडर आधारित हिंसा के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में स्कूलों, पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर अलग-अलग गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।

अभियान के तहत संस्था की टीम ने समाहरणालय, एसपी ऑफिस और अन्य सरकारी कार्यालयों में जाकर अधिकारियों को रिस्ट बैंड बांधे और स्टीकर चिपकाए। इन स्टीकरों के माध्यम से जेंडर आधारित हिंसा को रोकने का संदेश दिया गया और यह बताया गया कि हिंसा केवल शारीरिक नहीं बल्कि डिजिटल माध्यम से भी बढ़ रही है, जिसे रोकने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।

इस क्रम में एसपी सिमडेगा एम. अर्शी को रिस्ट बैंड बांधकर महिलाओं को हिंसा मुक्त वातावरण देने का अनुरोध किया गया। तत्पश्चात एडिशनल कलेक्टर श्री ज्ञानेंद्र को भी रिस्ट बैंड और स्टीकर देकर अभियान का उद्देश्य बताया गया। उप विकास आयुक्त महोदय से भी टीम ने मिलकर उन्हें अभियान की जानकारी दी और जिले में महिलाओं के समर्थन और सुरक्षा के लिए सहयोग की अपील की।

अभियान का उद्देश्य समुदाय और प्रशासन दोनों को साथ लाकर जेंडर आधारित हिंसा और बढ़ते डिजिटल अपराधों के प्रति संवेदनशील बनाना है, ताकि महिलाओं और किशोरियों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार किया जा सके। संस्था की सचिव प्रियंका सिंह, शकुंतला सिंह, आरती देवी, मुन्नी कुमारी, राखी देवी, हीरामणि देवी और विमल बड़ाइक सहित पूरी टीम आज के कार्यक्रम में उपस्थित रही।

यह अभियान जिले में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

WhatsApp Image 2025-12-03 at 4.26.00 PM
WhatsApp Image 2025-12-03 at 4.25.59 PM
WhatsApp Image 2025-12-03 at 4.25.57 PM